जल निगम की पाइप क्षतिग्रस्त, सड़क पर पानी

जौनपुर। खेतासराय कस्बे के खुटहन मार्ग पर दुर्गा मंदिर के पास जल निगम की पाइप टूट गई है। जिससे एक सप्ताह से जल निगम का पानी सड़क पर बह रहा है। पानी का फोर्स कम होने से कुछ घरों में जल निगम का पानी नहीं पहुंच पा रहा है।लगभग एक सप्ताह पहले सड़क के किनारे जल निगम का पानी रिसाव होकर सड़क पर बहने लगा। जानकारी होने पर तीन दिन पहले कर्मचारियों ने खुदाई करके देखा तो जल निगम की पाइप क्षतिग्रस्त मिली। कर्मचारियों ने खुदाई के बाद गड्ढे को ज्यों का त्यों छोड़ दिया और अगल बगल झाड़ रखकर लाल कपड़ा लगा दिया गया। टूटी पाइप की मरम्मत न होने से पेयजल आपूर्ति के समय पानी सड़क पर बहता है। जिससे सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है।