सीएनजी स्टेशन पर व्यापारी और उसके परिवार से मारपीट,अलीगंज में गुंडई

लखनऊ। सीतापुर रोड पर दुकान चलाने वाले एक व्यापारी उनकी बहन और बहनोई को मामूली बात को लेकर कुछ गुंडो में मारपीट की,इस मारपीट में व्यापारी अनुपम जैन को गंभीर चोटें आई है,पुलिस ने मुकदमा लिख कर व्यापारी का मेडिकल कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अलीगंज इलाके में स्थित सीएनजी स्टेशन पर लाइन में लगे एक परिवार के साथ दबंगई और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कतार तोड़कर आगे घुसी कार का विरोध करने पर कुछ युवकों और महिलाओं ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने मड़ियांव थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

सीतापुर रोड स्थित महाराजा अग्रसेन नगर निवासी अनुपम जैन के अनुसार वह अपनी बहन प्रिया जैन और बहनोई ऋषभ अग्रवाल के साथ बुधवार देर रात करीब 11:30 बजे अलीगंज स्थित ग्रीन गैस लिमिटेड के सीएनजी स्टेशन पर गैस भरवाने पहुंचे थे। उनकी कार पहले से कतार में लगी थी। इसी दौरान सफेद रंग की टाटा पंच कार अचानक लाइन तोड़ते हुए उनकी गाड़ी के आगे आकर खड़ी हो गई।

अनुपम का आरोप है कि विरोध करने पर कार सवार युवक नीचे उतर आए और गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि आरोपी नशे की हालत में दिखाई दे रहे थे। विवाद बढ़ने पर युवकों ने उनके साथ-साथ उनकी बहन और बहनोई के साथ भी मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।

पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना में अनुपम जैन को गंभीर चोटें आई हैं। प्रिया जैन ने एक वीडियो जारी कर बताया कि इंजीनियरिंग कॉलेज क्षेत्र स्थित सीएनजी पंप पर कुछ दबंग कार सवार सात से आठ गाड़ियों को छोड़कर जबरन आगे आ गए थे। विरोध करने पर कार में मौजूद चार लड़कों और तीन लड़कियों ने उनके परिवार के साथ बेरहमी से मारपीट की।
अनुपम जैन ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोपियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सीएनजी स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और कार नंबर के आधार पर जांच करने की अपील की है।
मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.