भाजपा ने ब्राम्हणों का किया अपमान, सपा ने दिया सम्मान: मनोज

फतेहपुर। समाजवादी प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन शुक्रवार राधानगर स्थित एक गेस्ट हाउस में हुआ। सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मनोज पांडेय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने भगवान परशुराम की जयंती पर होने वाले अवकाश को रद्द करके ब्राम्हणों का जहां अपमान किया है वहीं समाजवादी पार्टी ने ब्राम्हणों के नाम से कई योजनाएं व विकास कार्य कराकर सम्मान देने का काम किया था। चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादों पर भी केन्द्र व प्रदेश सरकार खरी नहीं उतरी है। देश के किसान संकट से जूझ रहे हैं, नौजवान निराश व हताश है लेकिन मोदी व योगी सरकार उनकी एक भी नहीं सुन रही है। कहा कि सपा सरकार आते ही प्रदेश का चहुमुखी विकास होगा। सभी को बराबर मान व सम्मान मिलेगा।कार्यक्रम का आयोजन सपा नेता दिनेश तिवारी ने किया। अध्यक्षता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय ने की। सर्वप्रथम मुख्य अतिथि प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मनोज पांडेय व माता प्रसाद पांडेय का हुसैनगंज विधानसभा प्रभारी अरूणेश पांडेय ने 51 किलो की माला पहनाकर स्वागत किया। तत्पश्चात सदर विधानसभा के प्रबल दावेदार राजू साहू व जहानाबाद विधानसभा की प्रबल दावेदार कविता अग्निहोत्री ने प्रतीक चिंह भेंटकर अतिथियों का सम्मान किया। उपस्थित सपाईयों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने सभी प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों को आने वाले 2022 के चुनाव में समाजवादी पार्टी की विचारधारा से जुड़ने का आवाहन किया। उन्होने कहा कि भाजपा की केन्द्र व प्रदेश सरकार झूठी सरकार है। चुनावी घोषणा पत्र में किसानों व नौजवानों के लिए तमाम वादे किए थे लेकिन आज देश का किसान व नौजवान सबसे ज्यादा हताश व निराश है। किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य नहीं मिल रहा है। बिजली, पानी व खाद के संकट से भी किसान जूझ रहा है। ऐसे में नए कृषि कानून लाकर केन्द्र सरकार किसानों का गला घोंटने का काम किया है। उन्होने कहा कि सपा सरकार में परशुराम जयंती पर अवकाश घोषित था। जिसे भारतीय जनता पार्टी ने रद्द करके देश के ब्राम्हणों का अपमान किया है। उन्होने कहा कि सपा सरकार बनने पर अवकाश दोबारा घोषित किया जाएगा। उन्होने कहा कि सपा ने ही सबसे ज्यादा प्रबुद्ध लोगों का सम्मान किया है। माता प्रसाद पांडेय को विधानसभा अध्यक्ष बनाया था। राजधानी लखनऊ में जनेश्वर मिश्र पार्क की स्थापना कर सपा ने साबित कर दिया कि प्रबुद्धवर्गों का सम्मान सिर्फ सपा में है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने सरकार में रहते हुए तमाम विकास कार्य प्रदेश में कराए थे। जिनका लाभ आज भी लोगों को मिल रहा है। उन्होने 102 व 108 एंबुलेंस सेवा का उदाहरण देते हुए कहा कि कोरोना काल में मरीजों को सबसे अधिक 102 व 108 एंबुलेंस के जरिए ही लाभ मिला है। उन्होने कहा कि ऐसी तमाम योजनाएं प्रदेश में आज भी संचालित हैं। उन्होने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को जिताने के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट हो जाएं। गांव-गांव सपा की नीतियों का बखान करें। सपा जिलाध्यक्ष विपिन सिंह यादव ने साथियों से गांव गांव पार्टी का प्रचार प्रसार करने पर जोर दिया। इस मौके पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य संतोष द्विवेदी, पूर्व विधायक मदन गोपाल वर्मा, रामेश्वर दयाल दयालू गुप्ता, जगदीश उर्फ जालिम सिंह, संगीता राज पासी, अनु मिश्रा, कपिल यादव, दलजीत निषाद, नितिन यादव, रवीन्द्र यादव, जंग बहादुर सिंह मखलू, मो0 साबिर एडवोकेट, विजय शुक्ला, राजू लोधी, राजू कुर्मी, मुन्ना बाबू यादव, सत्यम अवस्थी, नरेंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।