फांसी पर झूला देवर, मृत मिली भाभी

चित्रकूट। सदिग्ध हालत में देवर-भाभी की मृत्यु होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहंुचे पुलिस अधीक्षक ने मुआयना कर घटना के खुलासा के निर्देश दिए हैं। एएसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत हेो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट बाद स्पष्ट हो सकेगा।देवर-भाभी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की ये घटना कोतवाली कर्वी क्षेत्र के कसहाई गांव में बीती रात हुई। बताया गया कि चार वर्ष पूर्व बडे भाई जगदेव उर्फ भुइयादीन की मौत होने के बाद सुखेन्द्र (42) पुत्र रामकिशुन परिवार के साथ रहता था। मां बुधुलिया ने बताया कि मंगलवार की सुबह काफी देर होने पर वह जगाने गई। जहां देखा कि पुत्र फांसी पर लटक रहा था और बहू गिरजा (45) पत्नी स्व जगदेव को चारपाई पर मृत अवस्था में देखा तो गुहार लगाई। शोरगुल सुन ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल, सीओ सिटी शीतला प्रसाद पांडेय, शहर कोतवाल वीरेन्द्र त्रिपाठी ने जांच पड़ताल की। एसपी ने निर्देश दिए कि घटना की बारीकी से जांच कर खुलासा किया जाए। मृतक के परिजनों ने बताया कि सुखेन्द्र की शादी नहीं हुई थी। बड़े भाई जगदेव की मृत्यु चार वर्ष पूर्व हो गई थी। मृतका गिरजा के तीन पुत्र, दो विवाहित पुत्रियां है। बड़ा पुत्र पूना में मजदूरी करता है। मझला बेटा बहन के यहां भिटारी गांव गया था। छोटा लड़का निमंत्रण में चला गया था। वृद्ध मां बुधुलिया, देवर, भाभी घर में थे। पुलिस ने शवो का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। इस संबंध में एएसपी शैलेन्द्र कुमार राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पीएम रिपोर्ट बाद वास्तविकता का पता चल सकेगा। घटना को लेकर ग्रामीणों में चर्चा है कि भाई की मृत्यु के बाद परिवार की परवरिश करता था।