घर आई पत्नी से झगड़कर युवक फांसी झूला

बांदा। मायके से ससुराल आई पत्नी से पति की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी से नाराज होकर गुरुवार की सुबह युवक ने कमरे के अंदर रस्सी से फांसी लगा ली। पत्नी ने देखा तो तत्काल फंदा काटकर नीचे उतारा और शोर मचाया। मौके पर पहुंचे अन्य परिजनों की मदद से युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां उसका उपचार किया जा रहा है। जसपुरा थाने के खप्टिहा खुर्द गांव निवासी सुनील (28) पुत्र मनोज की पत्नी बुधवार को मायके से अपनी ससुराल आई थी। रात में पति और पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी से नाराज होकर सुनील ने गुरुवार की सुबह कमरे के अंदर रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। पत्नी ने पति को फंदे पर लटकते हुए देखा तो तत्काल फंदा काटकर उसे नीचे उतार लिया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसका उपचार किया जा रहा है। परिवार के लोगों ने बताया कि आत्महत्या के प्रयास का कारण उन्हें नहीं मालूम। पति और पत्नी के बीच कहासुनी होने की बात परिजनों ने जाहिर की।