लखनऊ में अब सिलेंडर के लिए चुकाने होंगे 922.50 रुपए

लखनऊ। आज 1 सितंबर से गैर सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 25 रुपए का इजाफा किया गया है। इसके बाद लखनऊ में 14.2 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर के लिए अब 922.50 रुपए चुकाने होंगे। इससे पहले 18 अगस्त को एलपीजी गैस की कीमतों में 25 रुपए का इजाफा हुआ था। राजधानी में पेट्रोल भी करीब 100 रुपए है। ऐसे में घरेलू गैस सिलेंडर भी हजार के करीब पहुंचने वाला है।मात्र 15 दिन में ही गैर-सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर का दाम 50 रुपये बढ़ गया है। बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम गैस सिलेंडर की कीमत में 25 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, 19 किलोग्राम कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 75 रुपए का इजाफा हुआ है। इस बढ़ोत्तरी के बाद लखनऊ में 14.2 किग्रा का एलपीजी सिलेंडर 922.50 रुपये हो गया है। जबकि इससे पहले यह 897.50 रुपये का था। इजाफे के बाद उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गैस सिलेंडर के रेट अलग-अलग हैं। गोरखपुर में 14.2 किलो का सिलेंडर अब 947 रुपए का हो गया है। जबकि आगरा में 898 रुपए का है।