हुसैनगंज विधानसभा में सपाईयों ने दौड़ाई साइकिल

फतेहपुर। विधानसभा चुनाव 2022 में फतह हासिल करने के लिए समाजवादी पार्टी ने युद्ध स्तर पर तैयारियां व कार्यक्रम शुरू कर दिए हैं। बुधवार को लोहिया वाहिनी एवं मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के पदाधिकारियों ने हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत साइकिल चलाकर पूर्ववर्ती सपा शासनकाल की उपलब्धियों को जहां गिनाने का काम किया वहीं केन्द्र एवं प्रदेश सरकार को जमकर कोसा।साइकिल यात्रा कार्यक्रम की अगुवाई यूथ ब्रिगेड जिलाध्यक्ष अमित मौर्या ने की। मुख्य अतिथि के रूप में लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव व कौशाम्बी प्रभारी सद्दाम अहमद व यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव व जनपद प्रभारी सैफ अली कालपी ने शिरकत की। सपाईयों ने विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में साइकिल चलाकर ग्रामीणों को जागरूक किया। सपाईयों ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में प्रदेश में विकास की गंगा बही थी। विकास कार्यों के फीते आज भी भाजपाई काट रहे हैं। कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार सहित अन्य समस्याओं से प्रदेश जूझ रहा है लेकिन योगी आदित्यनाथ की सरकार आम जनमानस को राहत पहुंचाने में विफल साबित हुई है। प्रदेश का विकास सिर्फ और सिर्फ समाजवादी पार्टी ही करा सकती है। सपाईयों ने आगामी विधानसभा चुनाव में सपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। इस मौके पर लोहिया वाहिनी जिला महासचिव अखंड प्रताप सिंह पटेल, यूथ ब्रिगेड जिलाध्यक्ष अमित मौर्य, जिला महासचिव फारुकी, पप्पू सिंह चैहान, फूल सिंह मौर्य, धीरेन्द्र मौर्य भी शामिल रहे।