वैक्सीन न लगने से लोगों में नाराजगी

रानीगंज, प्रतापगढ़। जिले में कोविड वैक्सीन को लेकर गम्भीर समस्या बनी हुई है। आज रानीगंज ट्रामा सेंटर पर सुबह से ही वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा रही।किन्तु वैक्सीन की अनुपलब्धता के कारण लोगों को निराश होना पड़ा।इससे लोगों ने काफी नाराजगी जताई।बता दें कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीगंज व ट्रामा सेंटर पर वैक्सीन लगातार लगाया जा रहा है।लेकिन इस समय तीसरी लहर के भय से वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों में जागरूकता आई है, और लोगों की भारी भीड़ अस्पताल पहुंच रही है।लोग सुबह से लाइन में लग जाते हैं, किन्तु शाम तक वैक्सीन खत्म हो जाने से लोगों को निराश लौटना पड़ता है।आज गुरुवार को सुबह 9 बजे से लोग वैक्सीनेशन के कतारों में खड़े हुए थे, किन्तु 12 बजे लोगों को बताया गया कि आज वैक्सीन नहीं उपलब्ध हो पाई है।इससे लोगों को निराश होकर घर वापिस लौटना पड़ा।लोगों ने अस्पताल व शासन के प्रति नाराजगी का इजहार भी किया। शासन एक तरफ जहां वैक्सीन को लेकर जागरुकता अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर वैक्सीन की कमी से लोगों को बार बार अस्पताल का चक्कर काटना पड़ रहा है। इससे शासन प्रशासन की किरकिरी भी हो रही है।