घर में कर दिया था महिला का कत्ल पुलिस ने पति समेत तीन लोगों को किया गिरफ्तार

प्रयागराज। शहर के धूमनगंज थाना क्षेत्र के राजरूपपुर मोहल्ले में रविवार को एक महिला के कत्ल की घटना में पुलिस ने पति समेत तीन लोगों को पकड़ा है। विवाहिता को घर के भीतर ही पति समेत ससुरालियों ने चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया गया था। मायके वालों की तहरीर पर केस लिख जांच की जा रही है।घटनाक्रम यूं है। राजरूपपुर में रहने वाली तकरीबन ३० साल की सोनी प्रजापति की रविवार दोपहर घर के भीतर ही चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। कत्ल का आरोप सोनी के पति पति राजू समेत देवर, ननदोई, ननद तथा सास पर लगा है। प्राथमिक तौर पर इस हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। खबर मिली तो पहले धूमनगंज थाने की पुलिस वहा पहुंची। फिर एसपी सिटी भी सीओ के साथ पहुंच गए। पुलिस ने घर में छानबीन के साथ ही परिवार के लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। खबर पाकर सोनी के मायके वाले भी आ रहे हैं। कहा जा रहा है कि झगड़ा होने के बाद सोनी और परिवार के सदस्यों के बीच किसी बात पर हिंसक झड़प हो गई थी। उसी दौरान सोनी पर घर में सब्जी काटने में इस्तेमाल होने वाले चाकू से हमला कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि पति समेत तीन लोगों को पकड़ा गया है। मुकदमा लिखकर जांच की जा रही है।