दो आवासीय छप्पर जले, परिवार बेघर

जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के ककोहिया गांव में मंगलवार को आधी रात के बाद लगी आग से एक मजदूर का दो रिहायशी छप्पर जलकर राख हो गया। इस दौरान छप्पर में रखे सभी घरेलू सामान, खाद्यान्न, बिस्तर आदि भी जल गए। इससे परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। सूचना पर बुधवार की सुबह आठ बजे क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति व नुकसान का आकलन किया। उक्त गांव निवासी महेंद्र प्रताप मेहनत-मजदूरी कर परिवार की आजीविका चलाते हैं। रात में परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। इस दौरान मच्छर भगाने के लिए उपली के साथ अन्य खरपतवार जलाकर धुंआ किए थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी से रात में किसी समय हवा चलने से चिगारी निकली और छप्पर में चली गई। आधी रात के बाद लगभग तीन बजे छप्पर गर्म होने लगा तो नींद टूटी। इस दौरान देखा कि छप्पर का एक हिस्सा धू-धू कर जल रहा है। आनन-फानन परिवार के लोगों ने बाहर निकलकर किसी तरह जान बचाई। आसपास के लोगों में आग बुझाई। हालांकि आग पर काबू पाने तक छप्पर में रखा अनाज, कपड़ा, बिस्तर व अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो चुका था। पीड़ित महेंद्र ने बताया कि छप्पर जलने से हम लोग बेघर हो गए हैं।