सीएसके ने जारी किया वीडियो , लंबे लंबे छक्के लगाते नजर आये धोनी

दुबई । चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी इस समय आईपीएल के दूसरे चरण की तैयारियों के लिए अपनी टीम के साथ यूएई में हैं। आईपील 2021 के बचे हुए मैचों का आयोजन 19 सितंबर से यूएई में होगा। धोनी अपनी टीम के कुछ खिलाड़ियों और सहायोगी स्टाफ के साथ हाल में यूएई पहुंचे है। सीएसके ने हाल में सोशल मीडिया पर धोनी का एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में धोनी लंबे लंबे छक्के उड़ाते हुए नजर आ रहे हैं। सीएसके की ओर से इंस्टाग्राम पर अपलोड किए गए वीडियो में धोनी नेट्स में लंबे लंबे छक्के लगाते हुए दिख रहे हैं। इस दौरान वह बेहतरीन लय में नजर आ रहे हैं। धोनी ने इतना लंबा छक्का लगाया कि कई गेंदें पार्क से बाहर चली गईं। इसके बाद उन्हें टीम साथियों के साथ गेंद को झाड़ियों में तलाशते हुए देखा गया। हालांकि वह गेंद को ढूढ़ने में सफल हो जाते हैं।धोनी के इस वीडियो को प्रशंसक खूब पसंद कर रहे हैं। एक प्रशंसक ने कॉमेंट बॉक्स में लिखा, ‘ दिल खुश हो गया।’ दूसरे प्रशंसक ने लिखा, ‘ माही मार रहा है।’ गौरतलब है कि आईपीएल 2021 का पहला हाफ कोरोना संक्रमण के कारण बीच में स्थगित कर दिया गया था। अब दूसरे चरण में बचे हुए 31 मैच खेले जाने हैं। सीएसके टीम अंक तालिका में दूसरे नंबर पर है।