25 अगस्त को मिजोरम पहुंचेंगी लालरेम्सियामी

आइजोल । टोक्यो ओलिम्पिक में चौथे स्थान पर रही भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य लालरेम्सियामी 25 अगस्त को मिजोरम पहुंचेंगी। यहां उनके सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम होगा। इस दौरान इस खिलाड़ी को 15 लाख रुपए, नियुक्ति पत्र और अन्य पुरस्कार भी दिए जाएंगे। मिजोरम से लालरेम्सियामी पहली महिला ओलिम्पियन हैं। प्रदेश से आखिरी ओलिम्पियन पुरुष खिलाड़ी सी लालरेम्सांगा थे जिन्होंने 1992 बार्सीलोना और 1996 अटलांटा ओलिम्पिक में भाग लिया था। इससे पहले मिजोरम खेल और युवा सेवा मंत्रालय ने लालरेम्सियामी को ग्रुप ए अधिकारी के तौर पर मुख्य कोच नियुक्त किया है।मिजोरम की इस पहली महिला ओलिम्पियन को सहायक निदेशक पदक के समकक्ष ग्रुप ए की नौकरी दी गई है। इस मामले में मुख्यमंत्री जोरामथांगा ने कहा था कि राज्य सरकार ने प्रदेश की एकमात्र ओलंपियन खेल और युवा सेवा विभाग के तहत मुख्य कोच के रूप में ग्रुप ए की नौकरी देने के साथ ही उनके गृहनगर कोलासिब में उन्हें 691.85 वर्गमीटर का भूखंड भी आवंटित किया गया है।