प्रधानमंत्री मोदी ने कल्याण सिंह को दी श्रद्धांजलि, कहा-जनकल्याण कर अपने नाम को किया सार्थक

लखनऊ । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ पहुंचकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शुमार किए जाने वाले कल्याण सिंह के रविवार को अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मोदी रविवार पूर्वाह्न लखनऊ के मॉल एवेन्यू स्थित सिंह के आवास पहुंचे, जहां उनका पार्थिव शरीर रखा गया है। प्रधानमंत्री ने सिंह के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद थे। बाद में स्व. कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर विधान भवन ले जाया गया यहां भी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। अंत में पार्थिव शरीर को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में भी आम लोगों के दर्शनार्थ रखा गया। बाद में उनके शव को नम आंखों से उनके पैतृक गांव अलीगढ़ जिले के मढौली के लिए विदा किया गया। उनका अंतिम संस्कार कल बुलंदशहर जिले के नरौरा स्थित गंगा घाट पर होगा।विशेष रुप से दिल्ली से लखनऊ पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने कल्याण सिंह के परिजन से मुलाकात कर उनके प्रति संवेदना प्रकट की। मोदी ने इस मौके पर संवाददाताओं से कहा कि कल्याण सिंह ने अपने नाम को सार्थक किया और जीवन भर लोगों के लिए काम करते हुए जनकल्याण को हमेशा प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह जनसामान्य के लिए प्रेरणा का प्रतीक बने। वह देश के कोने कोने में विश्वास का नाम बन गए थे। उन्होने जीवन के अधिकतम समय में जनकल्याण के कार्यो में लगाया। चाहे वह विधायक के रुप में हो, चाहे सरकार में उनका स्थान हो अथवा गवर्नर की जिम्मेदारी हो। हमेशा हर एक के लिए प्रेरणा का केंद्र बने। जनसामान्य का विश्वास का प्रतीक बने। उन्होने कहा कि देश ने एक मूल्यवान शख्सियत को खोया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कल्याण सिंह के आदर्शों और संकल्पों से प्रेरणा लेकर अधिक से अधिक पुरुषार्थ करें और उनके सपनों को पूरा करने की कोशिश में कोई कमी ना रखें। उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम कल्याण सिंह जी को अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दें। यहां के मूल्यों, आदर्शों, संस्कृतियों और परंपराओं में विश्वास करने वाले हर दुःखी जन को प्रभु राम ढांढस दें, मैं यही प्रार्थना करता हूं।प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बहुजन समाज पार्टी अध्यक्ष मायावती, राम जन्मभूमि तीर्थ न्यास के महासचिव चंपत राय, भाजपा नेताओं राम विलास वेदांती एवं विनय कटियार, कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी तथा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने भी कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। कल्याण सिंह का अंतिम दर्शन के लिए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा लखनऊ पहुंचे और श्रद्धाजंलि दी।उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का शनिवार रात सवा नौ बजे लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई (संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान) में निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। वह पिछले काफी समय से बीमार थे। सिंह को पिछली चार जुलाई को संक्रमण तथा स्वास्थ्य संबंधी कुछ अन्य समस्याएं होने पर एसजीपीजीआई के गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराया गया था। उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था और शनिवार रात उनका निधन हो गया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुये प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। उन्होंने 23 अगस्त को एक दिन का सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की हैं। सिंह का अंतिम संस्कार कल 23 अगस्त को नरौरा में गंगा तट पर किया जायेगा। राजस्थान सरकार ने पूर्व राज्यपाल दिवंगत कल्याण सिंह के सम्मान में दो दिन के राजकीय शोक और 23 अगस्त (सोमवार) को राजकीय अवकाश की घोषणा की है। कल्याण सिंह राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शुमार थे और छह दिसंबर 1992 को अयोध्या में बाबरी मस्जिद ढहाए जाने के वक्त उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। इस घटना के बाद सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। पिता को श्रद्धांजलि देते वक्त भावुक हुए कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह ने कहा कि बाबू जी का जन्म राम मंदिर के लिए ही हुआ था। वो भगवान राम की शरण में चले गए हैं।