कर्ज में डूबी महिला और उसकी दो बेटियों से दुराचार, आरोपी गिरफ्तार

प्रयागराज। पति की लंबी बीमारी और मौत के बाद कर्ज में डूबी विधवा को लोन दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति ने पहले उसे अपने घर में पनाह दी। फिर उसकी मजबूरी का फायदा उठाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद विधवा की 21 साल की बेटी को हवस का शिकार बनाया। इसके बाद 14 साल की बेटी से भी दुराचार करने लगा। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।प्राप्त विवरण के मुताबिक कीडगंज इलाके में रहने वाली एक विधवा ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि कीडगंज के रहने वाले रणधीर यादव उर्फ डब्बू यादव (50) ने कम ब्याज में लोन दिलाने के नाम पर पहले उसके साथ और फिर उसकी दो बेटियों के साथ बलात्कार किया। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति की दिसंबर 2018 में लंबी बीमारी के बाद मौत हो गई। लॉकडाउन में सभी कर्ज देने वाले उसे परेशान करने लगे। जिसके बाद उससे रणधीर मिला और पीड़िता से बोला कि तुम नैनी मुखिया नगर अरैल स्थित मेरे घर पर चली जाओ। मैं तुम्हारा कम ब्याज में लोन करा दूंगा। इसके बाद तुम सभी का कर्जा देकर वापस लौट आना। पीड़िता का आरोप है कि उसने रणधीर की बात मानकर वह दोनों बेटी और एक बेटे के साथ अक्टूबर 2019 में नैनी चली आई। नैनी आने के लगभग तीन महीने बाद रणधीर एक दिन आया और रात में उसी मकान के दूसरे कमरे में रुक गया। उसने पीड़िता को अपने कमरे में बुलाकर उसके साथ जबरदस्ती की। लोकलाज और बच्चों का मुंह देखकर पीड़िता ने कुछ नहीं बोला। आरोप है कि रणधीर ने मौका पाकर उसकी 21 वर्षीय बड़ी बेटी के साथ भी रेप किया। वह यहीं नहीं रूका उसने सात अगस्त को रणधीर उसकी 14 साल की बेटी के साथ भी दुराचार किया। शोर सुनकर वहां पहुंची बड़ी बेटी ने आस पास के लोगों को इकट्ठा कर आरोपी की पिटाई करा दी। मौका पाकर आरोपी वहां से फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता वहां से स्टेशन पहुंची और आपबीती पुलिस को सुनाई। पीड़िता की तहरीर पर सोमवार को नैनी पुलिस ने रणधीर के खिलाफ रेप, पास्को समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही पीड़िता का मेडिकल भी कराया गया है।