नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास : मोदी

नयी दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि देश के नौजवान खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा है और उनकी इस असाधारण उपलब्धि के लिए उन्हें शुभकामनाएं ।प्रधानमंत्री ने शनिवार को एक ट्वीट संदेश में कहा, “ टोक्यो में इतिहास रचा गया है। नीरज चोपड़ा ने जो आज हासिल किया है उसे हमेशा याद रखा जाएगा। नौजवान नीरज ने असाधारण प्रदर्शन किया है। वह लगन से खेले और अतुलनीय दृढ़ता का प्रदर्शन किया। टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के लिए उन्हें बधाई।”उल्लेखनीय है कि नीरज चोपड़ा ने जैवलिन थ्रो में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता है। ओलंपिक में व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत की ओर से स्वर्ण पदक जीतने वाले वह दूसरे खिलाड़ी हैं इससे पहले वर्ष 2008 में अभिनव बिंद्रा ने शूटिंग में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया था।