उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने लवलीना बोरगोहेन को कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी

नयी दिल्ली |उपराष्ट्रपति एम वेंकेया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने टोक्यो ओलंपिक खेलों में देश के लिए कांस्य पदक जीतने वाली महिला मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन को बधाई दी है।प्रधानमंत्री ने कहा कि लवलीना का अटल और दृढ निश्चय सराहनीय है।श्री मोदी ने बुधवार को ट्वीट कर कहा,“ लवलीना बोरगोहेन खूब लड़ी। बॉक्सिंग रिंग में उनकी सफलता से अनेक भारतीयों के लिए प्रेरणा है। उनकी दृढता और संकल्प सराहनीय है। कांस्य पदक जीतने के लिए उन्हें बधाई। भविष्य के लिए शुभकामनाएं। ”लवलीना बोरगोहेन बुधवार को सेमीफाइनल में विश्व की नंबर एक मुक्केबाज तुर्की की बुसनेज सुरमेनेली से हार गयी हालांकि तीसरे नंबर पर रहने के चलते उन्हें कांस्य पदक मिला है।उल्लेखनीय है कि लवलीना टोक्यो ओलंपिक में भारत के लिए पदक जीतने वाली तीसरी महिला एथलीट हैं। उनसे पहले मीराबाई चानू ने भारोत्तोलन में रजत और पीवी सिंधू ने बैडमिंटन में कांस्य पदक जीत।उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक हासिल करने पर मुक्केबाज लवलीना बोरगोहाई को शुभकामनाएं दी हैं। श्री नायडू ने एक संदेश में कहा कि लवलीना का कौशल उनके उज्जवल भविष्य का संकेत करता है।श्री नायडू ने कहा, “टोक्यो ओलंपिक 2020 में वेल्टर वेट वर्ग मुक्केबाजी में देश के लिए कांस्य पदक जीतने पर लवलीना बोरगोहाई को हार्दिक बधाई।आपका कौशल और जुझारू खेल आपके उज्जवल भविष्य के प्रति आशान्वित करते हैं। भावी सफलताओं के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।”राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र एवं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारतीय महिला मुक्केबाज लवलीना बोरगोहैन के टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
श्री मिश्र ने भारत के लिए कांस्य पदक जीतने पर लवलीना को बधाई देते हुए कहा ‘‘अपने पहले ही ओलंपिक में उनका प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा, मुझे पूरा भरोसा है कि भविष्य में भी वह देश की उम्मीदों को मूर्त रूप देंगी। मेरी शुभकामनाएं।”श्री गहलोत ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक में महिला मुक्केबाजी के 69 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतने पर लवलीना बोरगोहैन को मेरी हार्दिक बधाई। उन्होंने कहा कि लवलीना ने शानदार प्रदर्शन किया हैं और इसके लिए पूरे देश को उन पर गर्व है।इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी लवलीना बोरगोहैन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पदक अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की नारी-शक्ति के अतुल्य सामर्थ्य एवं स्वाभिमान का प्रतीक है। श्रीमती राजे ने भारतीय खिलाड़ी नीरज चोपड़ा के टोक्यो ओलंपिक की जेवलिन थ्रो स्पर्धा में फाइनल में जगह बना लेने पर उन्हें बधाई दी और कहा कि उन्होंने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 86.65 मीटर दूर भाला फेंक कर इतिहास रचा है।विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने भी टोक्यो ओलम्पिक में भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन को कांस्य पदक जीतने पर हार्दिक शुभकामनाएं दी। श्री राठौड़ ने कहा कि देश की जांबाज बेटी लवलीना के शानदार प्रदर्शन पर हम सभी को गर्व हैं। वह अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।उन्होंने भारतीय पहलवान रवि दहिया और दीपक पूनिया को कुश्ती के सेमीफाइनल में पहुंचने पर भी हार्दिक बधाई दी।