
कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार सुबह कोखराज थाना क्षेत्र स्थित सिहोरी टोल प्लाजा पर एक बड़ा हादसा हो गया। कानपुर से प्रतापगढ़ की ओर जा रहा एलपीजी टैंकर अनियंत्रित होकर टोल प्लाजा से टकरा गया। टक्कर के बाद गैस रिसाव हुआ, फिर तेज धमाके के साथ भीषण आग लग गई। हादसे में सात लोग घायल हुए, जिनमें पांच टोल कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। उनकी हालत नाजुक होने पर प्रयागराज रेफर किया गया, जबकि दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैंकर लगभग 60–70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहा था। ओवरटेक के दौरान वह डिवाइडर से टकराकर पलट गया। चालक और परिचालक ने समय रहते टैंकर से कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद दो किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार और आग की लपटें दिखाई देती रहीं, जिससे टोल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और अफरा-तफरी मच गई।
टोल कर्मचारी संजय निर्मल ने बताया कि हादसे से कुछ मिनट पहले हल्की बारिश हुई थी। टक्कर के बाद गैस रिसने लगी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग टोल प्लाजा से सटे यार्ड और शौचालय तक फैल गई, जिससे यार्ड में खड़ी 16 से अधिक मोटरसाइकिलें और दो कारें जलकर राख हो गईं। शौचालय में मौजूद सुपरवाइजर आलोक पांडे भी गंभीर रूप से झुलस गए।
पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि सूचना मिलते ही जिले की सभी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों और पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। सुरक्षा के मद्देनजर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और अब यातायात धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है। डीएसओ और तकनीकी टीम को घटना के कारणों की जांच के लिए लगाया गया है।
