पीएनबी ने पेरिस ओलंपिक 2024 में अपने हॉकी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट योगदान हेतु उन्हें सम्मानित किया

लखनऊ, 8 अक्टूबर 2024। देश के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने अपने कॉर्पोरेट कार्यालय में पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले अपने दो हॉकी खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस समारोह में भारतीय राष्ट्रीय हॉकी टीम के अभिन्न सदस्य और पीएनबी के कर्मचारी अभिषेक और सुखजीत सिंह की उल्लेखनीय उपलब्धियों का जश्न मनाया गया।
दोनों खिलाड़ियों अभिषेक (राष्ट्रमंडल खेल 2022 रजत पदक विजेता, एशियाई खेल 2022 स्वर्ण पदक विजेता, एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2024 स्वर्ण पदक विजेता) और सुखजीत सिंह (राष्ट्रमंडल खेल 2022 रजत पदक विजेता, एशियाई खेल 2022 स्वर्ण पदक विजेता, एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2023 और 2024 स्वर्ण पदक विजेता) को उनकी उपलब्धियों के लिए सराहना के प्रतीक स्वरूप प्रत्येक को 25 लाख रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि, दो अतिरिक्त वेतन वृद्धि और एक आउट ऑफ टर्न पदोन्नति प्रदान की गई।
यह सम्मान समारोह पीएनबी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी अतुल कुमार गोयल, पीएनबी के कार्यपालक निदेशक बिनोद कुमार, एम. परमशिवम, बिभु पी. महापात्र, सीवीओ श्री राघवेंद्र कुमार, सीजीएम श्री संजय वार्ष्णेय तथा बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित किया गया।
खेलों के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए पीएनबी के सीजीएम श्री संजय वार्ष्णेय ने पीएनबी हॉकी अकादमी हेतु जूनियर हॉकी टीम के लिए 25 खिलाड़ियों तथा पूरे भारत से सीनियर हॉकी टीम के लिए 9 खिलाड़ियों की भर्ती की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published.