वंशिका को २,६९,००० अमेरिकी डॉलर की स्कॉलरशिप

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, अलीगंज प्रथम कैम्पस की छात्रा वंशिका शुक्ला ने उच्चशिक्षा हेतु अमेरिका के चार नामी विश्वविद्यालय, सेंट लुइस यूनिवर्सिटी, एरिजोना स्टेट यूनिवर्सिटी, ईस्टर्न मिशिगन यूनिवर्सिटी एवं टोलेडो यूनिवर्सिटी में स्कॉलरशिप के साथ चयनित होकर विद्यालय का मान बढ़ाया है। वंशिका को सेंट लुइस यूनिवर्सिटी ने १,३६,००० अमेरिकी डॉलर, एरिजोना स्टेट यूनिवर्सिटी ने ५८,००० अमेरिकी डॉलर, ईस्टर्न मिशिगन यूनिवर्सिटी ने ४०,००० अमेरिकी डॉलर व टोलेडो यूनिवर्सिटी ने ३५,००० अमेरिकी डॉलर की स्कॉलरशिप से नवाज़ा है। इस तरह इस छात्रा को कुल २,६९,००० अमेरिकी डॉलर की स्कॉलरशिप प्राप्त हुई है। सी.एम.एस. छात्रा ने इस सफलता का श्रेय विद्यालय के अपने शिक्षकों व विद्यालय के शान्तिपूर्ण शैक्षिक वातावरण को दिया है। सी.एम.एस. प्रबन्धक, प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने सी.एम.एस. छात्रा की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की है। यह जानकारी सी.एम.एस. के हेड, कम्यूनिकेशन श्री ऋषि खन्ना ने दी है। श्री खन्ना ने बताया कि सी.एम.एस. एस.ए.टी. (सैट) एवं एडवान्स प्लेसमेन्ट (ए.पी.) टेस्ट सेन्टर भी है जो उत्तर प्रदेश एवं आसपास के अन्य राज्यों के छात्रों को विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में स्कॉलरशिप के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध करा रहा है।
श्री खन्ना ने बताया कि प्रतिवर्ष भारी संख्या में सी.एम.एस. छात्र विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में उच्चशिक्षा हेतु चयनित होते हैं। इस वर्ष अभी तक सी.एम.एस. के ९० से अधिक छात्रों ने अमेरिका, इंग्लैण्ड, कैनडा, आस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर, जर्मनी आदि विभिन्न देशों के ख्यातिप्राप्त विश्वविद्यालयों जैसे कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी, कैलीफोर्निया इन्स्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (कैलटेक), मैसाचुसेट्स इन्स्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एम.आई.टी.), स्टेनफोर्ड यूनिवर्सिटी, कार्नेल यूनिवर्सिटी, मेलबर्न यूनिवर्सिटी एवं नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर आदि में स्कॉलरशिप के साथ चयनित होकर लखनऊ का नाम रोशन किया है।