सरकार हर मोर्चे पर विफल,उखाड़ फेकने का करें काम: अभिषेक

सिद्धार्थनगर। समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक यादव की अगुवाई में सपा की साइकिल यात्रा सोमवार को इटवा पहुंची। इस दौरान जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। यात्रा जैसे ही इटवा सीमा में प्रवेश की तो करहिया पुल पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि ये उत्साह और जोश 2024 चुनाव तक बनाए रखें। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। इसको उखाड़ फेंकने का काम करें। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार में महंगाई ने जहां जनता की कमर तोड़ने का काम किया, वहीं बेरोजगारी चरम पर पहुंच गई है। सरकार शिक्षित नौजवानों को रोजगार नहीं दे पा रही है। सपा इस यात्रा के जरिए अग्निवीर योजना का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि सेना का निजीकरण होने से जवान चार साल में बेरोजगार हो जाएंगे। यूपी सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इस सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। जनहित मुद्दे पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। सरकार की विफलता का परिणाम है कि घोषी उपचुनाव में जनता ने सत्ताधारी दल को सबक सिखाने का काम किया और सपा को भारी विजय दिलाई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि साइकिल यात्रा का आज 62 वां दिन है। हर दिन लोगों का अपार समर्थन मिल रहा है। कार्यकर्ता उत्साहित है। सभी कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। समय बहुत कम है। घोसी उपचुनाव की तरह पूरे यूपी में सपा और इंडिया गठबंधन को व्यापक सफलता मिलेगी। केंद्र में गठबंधन की सरकार बनेगी। इस दौरान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, पूर्व राज्यसभा सांसद आलोक तिवारी, जिलाध्यक्ष लालजी यादव, अजय चौधरी, कमरूज्जमां खान, बेचई यादव, बब्लू खान, दिनेश मिश्र, अब्दुल लतीफ, रज्जन पाण्डेय, घिसियावन यादव, एसके मेहंदी, देवेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।