भाजपा के दबाव में ईडी ने संजय सिंह को किया गिरफतार 

सिद्धार्थनगर। ईडी भाजपा के दबाव में काम कर रही है। इसलिए सांसद संजय सिंह को गिरफ्तार करने से पहले सम्मन तक नहीं भेजा गया। वह लगातार भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़क से संसद तक लड़ते रहे हैं। ये बातें रविवार को डुमरियागंज स्थित तहसील के सामने आम आदमी पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में जिलाध्यक्ष एडवोकेट जलाल अहमद ने कहीं।उन्होंने कहा कि संजय सिंह ने मणिपुर हिंसा में महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने जैसे जघन्य घटना के खिलाफ सदन में आवाज उठाई तो उन्हें राज्यसभा से पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया। आज तक वो निलंबित है। सांसद संजय सिंह लगातार दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों व समाज के कमज़ोर वर्गों की आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांसद संजय सिंह के खिलाफ पूरा मामला फर्जी, बेबुनियाद और राजनीति से प्रेरित है।