महंगाई से त्रस्त महिलाओं को बरगलाने के लिए लाया गया महिला आरक्षण विधेयक: नरेश उत्तम

फतेहपुर। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश चंद्र उत्तम पटेल ने भारतीय जनता पार्टी को निशाने पर रखते हुए कहा कि महिला आरक्षण का समर्थन वर्ष 2007 मंे नेताजी मुलायम सिंह यादव ने किया था, इतना ही नहीं उन्होने उस समय के होने वाले जिला पंचायत, बीडीसी, निकायों के चुनावों में 33 प्रतिशत महिलाओं को टिकट भी दिया था। जबकि भारतीय जनता पार्टी हमेशा इस बिल का विरोध करती रही है। सत्ता जाने के भय से आनन-फानन में महंगाई से त्रस्त महिलाओं को बरगलाने की खातिर महिला आरक्षण विधेयक लाया गया है। अब ये कब लागू होगा, इसे बताने के लिए भारतीय जनता पार्टी के पास कोई भी जवाब नहीं है।समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश चंद्र उत्तम पटेल ने उक्त बातें आज सपा जिला कार्यालय मंे मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होने कहा कि भारतीय जनता पार्टी झूठ बोलने वाली पार्टी है। उसका जन्म ही झूठ से हुआ है, जबकि समाजवादी पार्टी जो कहती है वह करके दिखाती है। उन्होने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की उलटी गिनती शुरू हो गई है। अब जनता इसके बहकावे में आने वाली नहीं है। जिसका उदाहरण हिमांचल, कर्नाटक के साथ ही प्रदेश में पिछले वर्षों में हुए लोकसभा व दो विधानसभा उपचुनाव हैं। घोसी उपचुनाव सहित प्रदेश की चार जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव भी समाजवादी पार्टी ने जीते है। यह प्रदेश की जनता का पार्टी पर भरोसा है। उन्होने भाजपा की चुटकी लेते हुए कहा कि घोसी उपचुनाव में मुख्यमंत्री योगी और उनके दोनों उप मुख्यमंत्रियों सहित तमाम भाजपा नेताओं ने डेरा जमा रखा था। दावे किए जा रहे थे कि यहां से भाजपा ही जीतेगी। जबकि सपा उम्मीदवार सुधाकर सिंह को वहां की जनता ने 44 हजार से अधिक वोटों से जिताया है। उन्होने कहा कि चुनाव हारने के बाद भाजपा चिल्लाने लगी कि ये हार भाजपा की नहीं बल्कि दारा सिंह की हार है। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की जीत निश्चित है। गठबंधन की हवा को भांपकर ही भारतीय जनता पार्टी व उसकी केंद्र सरकार विपक्षी दल के नेताओं को जेल भेजने का काम कर रही है, लेकिन विपक्षी नेता इनसे डरने वाले नहीं है।