स्वर्ण पदक विजेता हॉकी खिलाड़ियों व स्टाफ को ओडिशा सरकार देगी 5 लाख रुपए

भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों व स्टाफ को पांच लाख रुपये देगी। ‎मिली जानकारी के अनुसार एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरूष हॉकी टीम को बधाई देते हुए ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने हर खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ के सदस्य को पांच पांच लाख रुपए नकद पुरस्कार देने का ऐलान किया है। पटनायक ने कहा कि एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर पेरिस ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने वाली टीम को उनके इस प्रदर्शन के सम्मान में यह पुरस्कार दिया जाएगा। इस दौरान सीएम ने वीडियो कॉल के जरिये खिलाड़ियों से बात भी की। उन्होंने कहा ‎कि भारतीय पुरूष हॉकी टीम को बधाई। उनके समर्पण और अथक परिश्रम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि हॉकी वाकई भारत का खेल है। ओडिशा में हमारे दिलों में हॉकी की खास जगह है और यह ऐतिहासिक दिन हमारी स्मृतियों में हमेशा रहेगा। पेरिस ओलंपिक के लिए टीम को शुभकामना। गौरतलब है ‎कि ओडिशा 2018 से भारतीय हॉकी टीमों का प्रायोजक है।