मूक बधिर विद्यालय में मनाया पं. उपाध्याय जी का जन्मदिन

फतेहपुर। शहर के खंभापुर स्थित श्री कृष्ण आदर्श विद्या मंदिर द्वारा संचालित मूकबधिर एवं मंदबुद्धि दिव्यांग आवासीय विद्यालय में सोमवार को पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी का 107 वाॅ जन्म दिन धूमधाम से मनाया गया। उनके चित्र पर माल्यार्पण कर जहां श्रद्धासुमन अर्पित किए वहीं उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला प्रभारी बोर्ड आॅफ इलेक्ट्रो होम्योपैथी मेडिसीन डा. वकील अहमद ने दीप प्रज्जवलित कर व माॅ शारदे की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। कहा कि दीन दयाल जी कहते थे कि जब तक हम समाज के गरीब-से-गरीब व्यक्ति तक विकास नही पहुंचाते, तब तक देश की स्वतंत्रता का कोई अर्थ नही। उनकी प्रेरणा से अनेकों राष्ट्रभक्तों ने जीवन के सभी सुखों को त्याग, देश सेवा के लिये अपना जीवन समर्पित किया। प्रबंधक सीताराम यादव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। प्रधानाचार्य महेन्द्र सिंह ने पं0 दीनदयाल उपाध्याय को नमन करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके दर्शन से प्रेरित होकर संस्था द्वारा अंतिम पायदान तक कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जिसके तहत दिव्यांगों के कल्याणार्थ प्रयास किये जा रहे है। संस्था ने 48 दिव्यांग बच्चों को फल वितरित किए। इस अवसर पर प्रमुख सहयोगी सुमन देवी, सर्वेश कुमार, अंशुमान सिंह पटेल, चंचल विश्वेन्द्र सिंह, मनीष सिंह यादव, राजकरन, अनुज कुमार, आशा देवी, आरती व सम्पत सहित विद्यालय के छात्र व अभिभावक उपस्थित रहे।