‘‘मेरी माटी मेरा देश‘‘ थीम के तहत निकाली गई अमृत कलश यात्रा

रूपईडीहा, बहराइच। 59वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव के उलक्ष्य में ‘‘मेरी माटी मेरा देश‘ थीम के अंतर्गत अमृत कलश यात्रा का शुभारम्भ समवाय मुख्यालय मुर्तिहा से किया गया। जिसमे सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं, छात्र-छात्राओं, महिला, पुरुष व क्षेत्र के गणमान्य एवं बलकार्मिकों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन कार्यवाहक कमांडेंट 59वीं वाहिनी शक्ति सिंह ठाकुर के तत्वाधान में किया गया। कार्यवाहक कमांडेंट 59वीं वाहिनी ने बताया कि 20 से 25 सितम्बर तक इस अभियान को संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उन बहादुर स्वतंत्रता सेनानियों और वीरों को सम्मान देना हैं जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। यह अभियान समवाय मुख्यालय मुर्तिहा से आरंभ होकर सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों के बीच विकसित भारत के निर्माण, देश की एकजुटता व अखंडता तथा देश के गौरव के लिए प्राण देने वाले वीरों को नमन एवं देशभक्ति के प्रति जोश पैदा करते हुए हर घर से मिट्टी एकत्रित कर 25 सितम्बर को वाहिनी मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल नानपारा में संपन्न होगी। तत्पश्चात वाहिनी मुख्यालय नानपारा द्वारा एकत्रित किये गए मिट्टी को ब्लॉक मुख्यालय मिहीपुरवा के सुपुर्द किया जायेगा। कार्यक्रम के दौरान उप निरीक्षक (सामान्य) पवित्रा कुमार राय, श्री प्रसाद ग्राम प्रधान, सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीण, युवाओं, छात्र-छात्राओं, महिला, पुरुष, क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति एवं समस्त बलकार्मिको ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया।