ओलंपिक खेलों के लिए टोक्यो शहर को सर्वश्रेष्ठ तरीके से तैयार किया गया : बाक

टोक्यो| अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के अध्यक्ष थामस बाक टोक्यो पहुंचने के बाद पहली बार सार्वजनिक तौर पर सामने आये। वह सबसे पहले आयोजन समिति के मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने एक साल बाद दर्शकों के बिना आयोजित किये जा रहे खेलों के बारे में अपनी बात रखी। टोक्यो में कोविड-19 के मामले बढ़ने के कारण आपातकाल लागू है और इसलिए आयोजकों ने स्थानीय दर्शकों को भी स्टेडियमों से दूर रखने का फैसला किया है। ओलंपिक खेल 23 जुलाई से 8 अगस्त के बीच आयोजित किए जाएंगे जबकि आपातकाल 22 अगस्त तक लागू रहेगा। बाक ने अपने उदघाटन भाषण में ओलंपिक आयोजन समिति की अध्यक्ष सीको हाशिमोतो और सीईओ तोशिरो मुतो से कहा कि आपने ओलंपिक खेलों के लिए टोक्यो शहर को सर्वश्रेष्ठ तरीके से तैयार किया है। यह इसलिए भी उल्लेखनीय है क्यों कि हम अभी बेहद कठिन हालातों का सामना कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि अब उद्घाटन समारोह में 10 दिन का समय बचा है। इसका मतलब यह भी है कि अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। बाक ने इसके बाद जापान के मेजबानों को संबोधित करते हुए गलती से ‘जापानी लोगों’ के बजाय ‘चीनी लोगों’ कह दिया लेकिन जल्द ही उन्होंने इसमें सुधार भी कर दिया। उन्होने कहा हम सभी का मुख्य लक्ष्य हर किसी, हमारे खिलाड़ियों, हमारे प्रतिनिधिमंडल और सबसे महत्वपूर्ण जापानी लोगों के लिये सुरक्षित खेलों का आयोजन करना है।