मैंने कोई गलती नहीं की, न्याय की जीत होगी: नायडू

विजयवाड़ा। आंध्र प्रदेश में एक नाटकीय घटनाक्रम के बीच भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को कहा कि उन्होंने कोई गलती नहीं की है और न्याय की जीत होगी।पुलिस सूत्रों के मुताबिक श्री नायडू को पुलिस ने आज तड़के नंदयाल में गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि सुबह करीब तीन बजे पुलिस उपमहानिरीक्षक (अनंतपुर) रघुरामी रेड्डी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल आरके फंक्शन हॉल में पहुंचा, जहां श्री नायडू अपनी बस में सो रहे थे। पुलिस ने बस को घेर लिया और उन्हें जगाना चाहा। इस दौरान बड़ी संख्या में तेदेपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई पर आपत्ति जताई और गिरफ्तारी के लिए नोटिस या संबंधित दस्तावेज दिखाने की मांग की। पार्टी नेताओं को उनके वकीलों ने तर्क दिया कि श्री नायडू एसपीजी सुरक्षा घेरे में हैं और उन्हें तड़के कैसे गिरफ्तार किया जा सकता है।उन्होंने बताया कि श्री नायडू सुबह करीब पांच बजे बस से बाहर आए और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तारी के बारे में बताया। गिरफ्तारी के लिए नोटिस दिखाने को कहे जाने पर बाद में पुलिस ने प्राथमिकी की प्रति दी जिसमें उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस श्री नायडू को पूछताछ के लिए मंगलागिरी स्थित सीआईडी मुख्यालय ले गयी।इससे पहले श्री नायडू ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने कोई गलती नहीं की है और आखिरकार न्याय की जीत होगी। उन्होंने कहा, “मैं जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली सरकार के कुशासन के खिलाफ लड़ रहा हूं। सरकार मेरी आवाज दबाना चाहती है। मैं सभी तेदेपा कैडरों से संयम बनाए रखने की अपील करता हूं।”पुलिस ने इसी मामले में तेदेपा विधायक एवं पूर्व मंत्री गंता श्रीनिवास राव को भी गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही ऐहतियात के तौर पर प्रदेश भर में बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं को उनके घरों से हिरासत में लिया गया है।इस बीच आंध्र प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने ऐहतियात के तौर पर प्रदेश भर में बस सेवाएं रद्द कर दी हैं।गौरतलब है कि श्री नायडू ने तीन दिन पहले कुरनूल में एक सभा को संबोधित करते हुए अपनी गिरफ्तारी की आशंका जतायी थी।