हम भाजपा को 2024 में भी हराएंगे और 2027 में भी करेंगे उ0प्र0 से बाहर- अजय राय

लखनऊ।आज यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूर्व मंत्री अजय राय जी ने अपना पदभार ग्रहण करने के उपरांत पहली बार पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए प्रदेश के मुखिया के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी एवं राष्ट्रीय महासचिव प्रभारी उत्तर प्रदेश प्रियंका गांधी वाड्रा जी को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि हम लोग एक संकल्प लेकर आये है और एक वचनबद्धता के साथ हैं कि जो कहेंगे वह करेंगे डंके की चोट पर। उन्होंने कहा कि जो सबसे महत्वपूर्ण बात वह यह है कि हम भाजपा को 2024 में भी हरायेंगे और 2027 में भी उ0प्र0 से बाहर करेंगे। उन्होंने ध्वस्त कानून व्यवस्था पर प्रदेश की योगी सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए भारत सरकार के मंत्री के घर पर हत्या एवं चलती टेªन में महिला सिपाही के साथ की गई बर्बरता की घटना को प्रमुखता से उठाते हुए न्यायिक जांच की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया है कि आखिर केन्द्रीय मंत्री कौशल किशोर के घर पर बुल्डोजर कब चलेगा।
उन्होंने कहा कि यह सरकार लगातार अपने मंत्री, विधायक एवं अपने लोगों को बचाने में लगी हुई है और उनको क्षमा मिल जाती है वहीं विपक्ष का कोई व्यक्ति किसी छोटे से मामले में भी फंस जायेगा अथवा कोई छोटा मुकदमा हो जायेगा तो उसका घर गिरा दिया जायेगा उस पर और इतने मुकदमें लाद दिये जायेंगे कि वह जीवन भर जेल में सड़ जायेगा।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने महिला सिपाही के साथ ट्रेन में दरिंदों द्वारा की गई बर्बरता का जिक्र करते हुए कहा कि यह सरकार अपनी ही महिला आरक्षी को सुरक्षा प्रदान करने में असमर्थ है तो प्रदेश के आम जनमानस की सुरक्षा कैसे कर सकती हैं। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा रेलवे की सुरक्षा के संदर्भ में किये जाने वाले तमाम दावों की हकीकत का पर्दाफाश करते हुए उन्होंने प्रश्न किया कि आखिर इस महिला सिपाही सुमित्रा पटेल की रेलवे विभाग सुरक्षा क्यों नहीं कर पाई?