जामिया मिफ्ताहुल ओलूम मऊनाथ भंजन मऊ की प्रबन्धकारिणी समिति के निर्वाचन कार्यक्रम की तिथियों में हुआ बदलाव

मऊ।जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी साहित्य निकष सिंह ने बताया कि सहायक रजिस्ट्रार फर्म्स सोसायटीज एवं चिट्स आजमगढ़ के आदेश द्वारा समिति जामिया मिफ्ताहुल ओलूम मऊनाथ भंजन मऊ की साधारण सभा के कुल 249 वैध एवं अर्ह सदस्यों की विधिमान्य सदस्यता सूची का निर्धारण करते हुये समिति के प्रबन्धकारिणी समिति के निर्वाचन हेतु जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मऊ को निर्वाचन अधिकारी मनोनीत किया गया है। जिसके क्रम में समिति जामिया मिफ्ताहुल ओलूम मऊनाथ भंजन मऊ की प्रबन्धकारिणी समिति के निर्वाचन का कार्यक्रम पूर्व में दिनांक 08.09.2023 से 10.09.2023 तक निर्धारित किया गया था परन्तु दिनांक 08.09.2023 कलेक्ट्रेट परिसर में विधान सभा उप चुनाव घोसी की मतगणना होनी है जिस कारण प्रबन्धकारिणी समिति के निर्वाचन का कार्यक्रम संशोधित करते हुये निम्नवत् निर्धारित किया गया है। जिसमे दिनांक 22.09.2023 को प्रातः 10:00 बजे से 03:00 बजे तक नामांकन पत्रों का वितरण। दिनांक 23.09.2023 को प्रातः 10 बजे से 02 बजे तक नामांकन। दिनांक 23.09.2023 को अपरान्ह 03 बजे से 04 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच व सूची का प्रकाशन। दिनांक 23.09.2023 को सायंकाल 06 बजे नूमना बैलेट का प्रकाशन। दिनांक 24.09.2023 को प्रातः 09 बजे से 02 बजे तक मतदान। दिनांक 24.09.2023 को अपरान्ह 02 बजे से 03 बजे तक मतगणना एवं परिणाम की घोषणा। दिनांक 24.09.2023 को अपरान्ह 03 बजे से 04 बजे तक 22 निर्वाचित सदस्यों द्वारा 07 सदस्यों को नामजद किया जायेगा तदोपरांत उसी दिवस को अपरान्ह 04 बजे से कार्य समाप्ति तक अपने में से 07 पदाधिकारियों का चयन / निर्वाचन जैसी भी स्थिति हो सम्पन्न कराया जायेगा। इस सम्बन्ध में साधारण सभा के सभी 249 सदस्यों को विस्तृत कार्यक्रम की एक प्रति पंजीकृत डाक/ विशेष वाहक के माध्यम से प्रेषित की जा रही है। डाक प्राप्ति न होने की दशा में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से सम्पर्क स्थापित कर विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी प्राप्त कर सकते है।