बहुमंजिला इमारत में लगी भयानक आग, 63 लोगों की मौत, कई घायल

जोहानिसबर्ग। दक्षिण अफ्रीका के शहर जोहानिसबर्ग में एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से 63 लोगों की मौत होने की सूचना ‎मिली है। आगजनी में 43 अन्य लोग बुरी तरह से झुलस गए। आपातकालीन प्रबंधन सेवा ने कहा कि आग लगने की घटना बृहस्पतिवार को तड़के हुई जिसमें यहा हादसा हुआ। प्रवक्ता रॉबर्ट मुलौदज़ी ने कहा कि राहत और बचाव अभियान जारी है तथा मरने वालों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। आग पर काफी हद तक नियंत्रण कर लिया गया है, लेकिन काली पड़ चुकी इमारत की खिड़कियों से अब भी धुआं निकल रहा है। दक्षिण अफ्रीका के सार्वजनिक प्रसारक एसएबीसी ने कहा कि जोहान्सबर्ग में स्थित यह इमारत पांच मंजिला थी। हालां‎कि अभी भी आग बुझाने के प्रयास जारी हैं। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में एक इमारत की निचली मंजिल पर विशाल नारंगी रंग की आग की लपटें दिखाई दे रही हैं। बड़ी संख्‍या में लोग बाहर की ओर भागते हुए दिख रहे हैं। आपातकालीन सेवाओं के प्रवक्ता रॉबर्ट मुलौदज़ी ने कहा कि कई लोगों का इलाज किया जा रहा है और कुछ को स्वास्थ्य देखभाल सुविधाओं में ले जाया गया है। आग लगने का कारण अभी तक ज्ञात नहीं है। बताया जा रहा है कि आग लगने की वजह भूकंप हो सकता है। बचावकर्मी लगातार लोगों को निकालने के लिए तलाशी अभियान चला रहे हैं। मरने वालों में एक बच्‍चा भी शामिल है। सभी घायलों का अस्‍पताल में इलाज किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक इस इमारत में 200 से अ‎धिक लोग रहते थे।