भाजपा सरकार में विकास की नई-नई ऊंचाइयों को छू रहा देश

सिद्धार्थनगर।इटवा विधानसभा क्षेत्र के सरपोका, पोखरभिटवा, बबुरहा व खरिकवा गांव में रविवार को सांसद जगदम्बिका पाल की ओर से चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सांसद ने लोगों के बीच केंद्र व प्रदेश सरकार की  उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में देश विकास की नई-नई ऊंचाइयों को छू रहा है। विपक्ष मुद्दा विहीन है, 2024 के लोकसभा चुनाव में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी।सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व, साहस और वैज्ञानिकों के मेहनत के बूते आज हम चांद तक पहुंच गए हैं। यह देश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार में विकास का नया कीर्तिमान स्थापित हो रहा है। सरकार हर वर्ग का ध्यान रखकर योजनाएं बना रही है। मोदी सरकार ने 370 खत्म किया तो अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। गरीबों के लिए मुफ्त बिजली, रसोई गैस की सुविधा के साथ राशन दे रही है। वहीं योगी सरकार ने प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के साथ कानून का राज स्थापित किया। गुंडा, माफिया या जेल में है या फिर प्रदेश छोड़ चुके हैं। भाजपा सरकार में गांव की तस्वीर बदल रही है। सड़क, नाली, शौचालय जैसी सुविधाएं मिलीं। सामुदायिक शौचालय, पंचायत भवन, पानी की टंकी, पीएम व सीएम आवास गांव के विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इस मौके पर सागर प्रसाद चौधरी, गिरीश चतुर्वेदी, हरी यादव, लवकुश चौधरी, सुनील पाण्डेय, बरसाती यादव, राजकुमार अग्रहरि, रामकुमार, जमीदार अग्रहरि आदि मौजूद रहे।