महामासीना स्टेडियम में भगदड़ मचने से करीब 12 लोगों की मौत

अंतानानारिवो। मेडागास्कर के स्टेडियम में हिंद महासागर द्वीप खेलों के उद्घाटन समारोह के दौरान भगदड़ मचने से करीब 12 लोगों की मौत हो गई। मीडिया की खबरों में यह जानकारी दी गई। देश के प्रधानमंत्री क्रिश्चियन नत्से ने मृतक संख्या की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि भगदड़ में करीब 80 लोग घायल हुए, जिनमें 11 की हालत काफी गंभीर है।रिपोर्ट में बताया गया कि अंतानानारिवो के महामासीना स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में शामिल होने पहुंचे राष्ट्रपति एंड्री राजोएलिना ने हादसे पर दुख प्रकट किया और स्टेडियम में मौजूद लोगों से जान गंवाने वालों के लिए कुछ पल का मौन रखने की अपील की। करीब 41,000 लोगों की क्षमता वाले स्टेडियम में पहले भी इस तरह के हादसे हो चुके हैं। इससे पहले 2019 में एक संगीत कार्यक्रम के दौरान मची भगदड़ में 15 लोगों की मौत हो गई थी। हिंद महासागर द्वीप खेल में कई तरह के खेलों का आयोजन होता है, जिनमें क्षेत्र के कई देश भाग लेते हैं।