अधिकारों को लेकर मनरेगा मज़दूर संघ ने उठाई आवाज़

फतेहपुर। मनरेगा मज़दूरों की लंबित मांगो एवं अधिकारों को लेकर मनरेगा मज़दूर संग़ठन ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन करते हुए अपनी आवाज़ बुलंद किया। जिलाधिकारी को संबोधित मांगो का ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग किया।गुरुवार को मनरेगा मज़दूर संगठन के बैनर तले जिलाध्यक्ष एलबी सिंह की अध्यक्षता में शहर के नहर कालोनी में मनरेगा मज़दूरों ने अपनी मांगों एवं समस्याओं को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष अम्बिका प्रसाद श्रमिक ने शिकरत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अम्बिका प्रसाद श्रमिक ने कहा कि मनरेगा मज़दूरों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है जिसके चलते मनरेगा मज़दूरो का लगातार शोषण हो रहा है। नियमित मजदूरी न मिलने की वजह से मज़दूर व उनका परिवार दयनीय जीवन जीने को बाध्य है। उन्होंने मजदूरो की समस्याओ को तत्काल पूरा किये जाने की मांग किया। कार्यक्रम के पश्चात मनरेगा मज़दूर संगठन ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग किया। ज्ञापन में मनरेगा निगरानी समिति गठित करने, मनरेगा चैकसी समिति का गठन करने व उसका अध्यक्ष मनरेगा मज़दूर संघ के जिलाध्यक्ष को बनाये जाने, श्रमिकों का श्रम विभाग ने पंजीकरण कर उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता करने, मजदूरी का भुगतान श्रमिकों के खातों में करने, नियत समय में जॉब कार्ड का नवीनीकरण करने आदि की मांगे शामिल रहीं। धरने से पूर्व मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष अम्बिका प्रसाद श्रमिक का स्वागत जिलाध्यक्ष लाल बहादुर निषाद की अगुवाई में भारी-भरकम माला पहनाकर किया गया। इस मौके पर सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव, हेमदाज मुनि, वशिष्ठ मुनि, राजू निषाद, कमल सिंह, उदय निषाद, श्रीकांत, सीमा, सोमवती, निशा देवी, राम सिंह, जगरानी, धनपति आदि रहे।