लखनऊ।संचार क्रांति के जनक और ग्रामीण भारत के सर्वांगीण विकास के जनक भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी को जयंती पर याद किया गया, इस अवसर पर कांग्रेस जनों और सामाजिक संगठनो ने युगदृष्टा राजीव गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित कर, उनके कार्यों को याद किया। नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय जी ने सैकड़ों कांग्रेसियों के साथ वाराणसी में राजीव गांधी की प्रतिमा पर पहुंच कर पुष्प अर्पित कर, उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उधर लखनऊ प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय ‘नेहरु भवन’ पर संगोष्ठी आयोजित कर राजीव जी के विचारों और कार्यों पर प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर छात्र संगठन के नेताओं ने फल वितरण किया और वृक्षारोपण कर राजीव गांधी जी को श्रद्धा सुमन अर्पित किये।कांग्रेस प्रवक्ता विकास श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि कालिदास चैराहे स्थित राजीव गांधी जी की प्रतिमा पर नेता विधानमंडल दल श्रीमती आराधना मिश्रा मोना एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित किया। सभी प्रमुख कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश मुख्यालय ‘राजीव भवन’ चैराहे पर स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित किया। आज राजीव गांधी जी की जयंती पर युवा कांग्रेस मुख्यालय प्रांगण में वृक्षारोपण भी किया गया। कांग्रेस मुख्यालय ‘नेहरु भवन’ पर आयोजित संगोष्ठी के माध्यम से पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अमर शहीद राजीव गांधी जी के अतुलनीय योगदान को याद किया गया।वाराणसी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राजीव गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर राजीव जी को याद करते हुए कहा की अमर शहीद राजीव गांधी युगदृष्टा थे। उन्होंने अपने अल्प समय के कार्यकाल में देश के लिए ऐतिहासिक कार्य किए, ग्राम पंचायत को सशक्त किया, संचार क्रांति से देश को 21 वीं सदीं में भारत को अग्रणी पंक्ति में खड़ा किया। उन्होंने 18 वर्ष की उम्र के युवाओं को मताधिकार दिया और नई शिक्षा नीति से देश के आम जनमानस के बच्चों को नवोदय विद्यालय जैसी शिक्षा प्रणाली की व्यवस्था दी। उनके कार्य और विचार हम सभी के लिए प्रेरणा हैं। उनके कार्यकाल में निरंतर शांति समझौते कर सद्भाव स्थापित करना, भारत देश में लोकतंत्र की मजबूती का माध्यम बना। असम, पंजाब, मिजोरम और त्रिपुरा में शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।इधर लखनऊ मुख्यालय पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’-विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में राजीव जी के कार्यों ने उन्हें दुनिया के शीर्ष नेताओं के रुप में स्थापित किया है। 21वीं सदी के भारत के निर्माण में राजीव जी की अद्वितीय भूमिका वैश्विक स्तर पर अविस्मरणीय है। श्रीमती आराधना मिश्रा ने कहा कि डिजिटल इंडिया के शिल्पकार राजीव जी ने दूरसंचार और आईटी क्रांति व कंप्यूटरीकरण कार्यक्रम चला कर भारत को दुनिया के अग्रिम पंक्ति के देशों में लाकर खड़ा कर दिया। राजीव जी ने भारत को आई.टी. युग में ले जाने के लिए जो निर्णायक कदम उठाया उससे आज लाखों युवा देश में ही नहीं बल्कि देश के बाहर दुनियां भर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
Share on Facebook
Follow on Facebook
Add to Google+
Connect on Linked in
Subscribe by Email
Print This Post