बादल फटने की घटनाओं से हुई मृत्यु पर प्रियंका ने जताया शोक

नयी दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने हिमाचल प्रदेश में बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं में हुए जान माल के नुकसान में गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिजनों के प्रति गहरा संवेदना व्यक्त की है।श्रीमती वाड्रा ने ट्वीट कर कहा “हिमाचल प्रदेश के सोलन में बादल फटने से कई लोगों की मृत्यु और समरहिल, शिमला के शिव मंदिर में भारी भूस्खलन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और लापता लोगों के सकुशल होने के लिए ईश्वर से प्रार्थना करती हूँ।”कांग्रेस पार्टी ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा “हिमाचल प्रदेश के शिमला में हुए भूस्खलन और सोलन में बादल फटने से हुई जनहानि की घटनाएं बेहद दुखद हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।”