बच्चों ने निकाली प्रभातफेरी और तिरंगा यात्रा

जौनपुर। खंड मछलीशहर के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में बृहस्पतिवार को शासन के मंशानुरूप प्रभात फेरी और तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।कम्पोजिट विद्यालय बामी के परिसर से ग्राम प्रधान श्रीमती सरोज सिंह के नेतृत्व में स्कूली बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली जिसमें विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार श्रीवास्तव सहित शिक्षकों, शिक्षिकाओं, शिक्षा मित्र, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने बच्चों के साथ के विभिन्न मजरों में हाथों में तिरंगा और मेरी माटी मेरा देश अभियान का बैनर लेकर चक्रमण किया और भारत माता जय के गगन भेदी नारे लगाए।इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय माधोपुर में प्रधानाध्यापक चंद्रेश यादव के नेतृत्व में प्रभात फेरी निकाली गई। जिसमें विद्यालय के अन्य स्टाफ ने सहयोग किया।अभिनव प्राथमिक विद्यालय मीरगंज में भी प्रभात फेरी और तिरंगा यात्रा निकाली गई जिसे मुख्य अतिथि ब्रह्मचारी आत्मानंद जी महराज और प्रधानाध्यापक संजय सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।डी जे की धुन पर बज रहे देश भक्ति गानों और बच्चों के नारों से पूरा मीरगंज बाजार गुंजायमान हो उठा। तिरंगा यात्रा सर्वप्रथम शहीद कमान्डेंट राजेश बिंद के शहीद स्थल पर गई जहां लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तत्पश्चात तिरंगा यात्रा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद रामदुलारे सिंह के शहीद स्थल पर गई जहां उपस्थित लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। अन्य तमाम स्कूलों में भी प्रभात फेरी और तिरंगा यात्रा निकाली गई।