मोहर्रम पर्व पर एडीजीपी व आईजी ने शहर का किया भ्रमण

फतेहपुर। मोहर्रम पर्व पर जिले की शांति व्यवस्था को परखने के उद्देश्य से प्रयागराज जोन के अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर व पुलिस महानिरीक्षक चंद्र प्रकाश ने शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण किया और व्यवस्थाएं देखीं। तत्पश्चात द्वेय अधिकारियों ने आमजन से संवाद कर पर्व को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। प्रयागराज जोन के अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर व पुलिस महानिरीक्षक चंद्र प्रकाश का काफिला गुरूवार को लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन पहुंचा। जहां स्थानीय पुलिस कर्मियों ने सलामी दी। द्वेय अधिकारियों ने गार्द का निरीक्षण कर टर्न आउट भी चेक किया। तत्पश्चात शहर में चल रहे मोहर्रम पर्व के मद्देनजर कानून व्यवस्था की स्थिति परखने के उद्देश्य से सदर कोतवाली क्षेत्र के कबाड़ी मार्केट, बड़ा शिवाला व बाकरगंज क्षेत्र का भ्रमण किया। द्वेय अधिकारियों ने ड्यूटी पर लगाये गये पुलिस कर्मियों से वार्ता भी की और संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। दोनों अधिकारियों ने आमजन से भी वार्ता की। पर्व पर निकलने वाले जुलूसों व ताजियों के बाबत भी बातचीत की। सभी को भरोसा दिलाया कि पुलिस उनकी सुरक्षा में तैनात है। पर्व को आपसी भाईचारे के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में मनायें। दोआबा के इस जनपद में मोहर्रम पर्व पर खासी भीड़ होती है इसलिए ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी जाति, समुदाय के बीच द्वेष की भावना जागृत हो। अधिकारियों ने चेताया कि यदि किसी भी अराजकतत्व ने माहौल को बिगाड़ने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जायेगी। उधर आमजन ने भी अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जा रहा है। शेष दिनों में भी शहर क्षेत्र में इसी तरह शांति का वातावरण कायम रहेगा।