बेटी नहीं है किसी से कम, मिटा दो अपने सारे भ्रम-सुधांशु

सोनभद्र। जिलाधिकारी चन्द्र विजय सिंह के निर्देश के क्रम में गुरुवार को जिला प्रोवेशन अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा के उपस्थिति में रावर्ट्सगंज ब्लाक के उरमौरा ग्राम के ऑगनवाड़ी केन्द्र पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत कन्या जन्म उत्सव कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमे आस पास के केन्द्रो से उपस्थित कुल ग्यारह नवजात बालिकाओं के माताओं को बालिकाओं के लिए उपहार स्वरूप बेबी कीट, देकर कन्या जन्म उत्सव घूम धाम से मनाया गया। जन्मोत्सव कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को बेटा-बेटी में किसी भी प्रकार का भेदभाव न करने की शपथ दिलाते हुए सुधांशु शेखर शर्मा ने पुरानी मान्यताओं को दर किनार करते हुए बालिकाओं के जन्म पर भी खुशी मनाने की बात कही। उनके अनुसार कन्या भ्रुण हत्या व दहेज जैसी कुरीतियों पर अंकुश लगाने के लिए महिलाओं को आगे आना होगा और अच्छी परंपराओं की शुरुआत अपने घर से ही करनी होगी। कहा कि बेटियों पर देश का भविष्य टिका है और बेटियां ही देश का गौरव होती हैं, जो दो कुलों को संवारती हैं और पढ़-लिखकर परिवार का नाम रोशन करती हैं। इसलिए उनके साथ किसी भी स्तर पर भेद भाव नहीं किया जाना चाहिए। इन्द्रावती कुमारी केस वर्कर द्वारा बताया गया कि आज बेटियां हर क्षेत्र में कामयाबी की ऊंचाइयों को छू रहीं हैं। साथ ही यह भी कहा की बेटी नहीं है किसी से कम, मिटा दो अपने सारे भ्रम और महिला कल्याण अधिकारी नीतू यति सिंह जिला समन्वयक सीमा द्विवेदी द्वारा मौके पर उपस्थित महिलाओं को विभाग द्वारा चलाये जा रही कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी। कार्यक्रम का संचालन संरक्षण अधिकारी गायत्री दुबे द्वारा किया गया। मौके पर रोमी पाठक, आकांक्षा उपाध्याय, शेषमणि दुबे, रागिनी सक्सेना, सुशीला देवी, समिम अख्तर आदि उपस्थित रहे।