आकाशीय बिजली गिरने से दो की मौत, एक घायल

सिद्धार्थनगर। खेत में धान की रोपाई कर रही एक महिला व एक युवक पर आकाशीय बिजली गुरुवार को गिरने से मौत हो गई। एक युवती गंभीर रूप से झुलस गई। पहली घटना खेसरहा थाना क्षेत्र में जबकि दूसरी घटना बांसी कोतवाली क्षेत्र में घटी। मौत की खबर से दोनों परिवार में कोहराम मच गया है। खेसरहा थाना क्षेत्र के पचमोहनी गांव निवासी मेहरुन्निशा (58) पत्नी स्व. तसव्वर हुसैन सुबह करीब साढ़े छह बजे अपनी पुत्री फातमा (21) के साथ धान की रोपाई करने खेत गई थी। खेत में बीज काटते समय अचानक आकाशीय बिजली गिरी और वह उसके चपेट में आ गई जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसकी बेटी फातमा झुलस गई। फातमा का बेलौहा के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही हलका लेखपाल संदीप मिश्र और नायब तहसीलदार अमित सिंह, थानाध्यक्ष शशांक सिंह मौके पर पहुंच गए। नायब तहसीलदार अमित सिंह ने बताया की पूरी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। थानाध्यक्ष शशांक सिंह ने बताया की शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दूसरी घटना गुरुवार की सुबह सात बजे बांसी कोतवाली क्षेत्र के तेलौरा गांव में घटी। गांव निवासी धर्मदेव (21) पुत्र राम मिलन खेत में रोपाई कर रहा था इस दौरान आकाशीय बिजली उस पर गिर गई और उसकी मौत हो गई। धर्मदेव की मौत हो चुकी है इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी थी क्योंकि उस समय आसपास के खेतों में कोई मौजूद नहीं था। एक घंटे बाद धर्मदेव की पत्नी धूपा देवी पति का नाश्ता लेकर खेत पर पहुंची तो देखा कि उसका शव झुलसा हुआ  पड़ा है। उसने शोर मचाया तो ग्रामीण पहुंच गए। अस्पताल ले जाया गया जहां मृत घोषित कर दिया गया। मौत की खबर से दोनों ही परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।