सावन के पहले दिन शिवालय में गूंजे बम-बम भोले 

सिद्धार्थनगर।सावन मास के पहले दिन से ही भोलेनाथ की आराधना को लेकर श्रद्धालुओं के दिलों में आस्था हिलोरे मारने लगी। जिले के शिव मंदिरों पर मंगलवार सुबह से ही आस्था का यह अविरल प्रवाह देखने को भी मिला। सुबह ही श्रद्धालुओं ने अपने आस्था के जल को लेकर शिव मंदिर पर पहुंच शिवलिंग पर जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से मन्नतें मांगीं। इस दौरान शिवालयों पर बम-बम भोले के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।शहर के श्रीसिंहेश्वरी मंदिर, पुराना नौगढ़, सेमरा, इटवा क्षेत्र के कटेश्वरनाथ, डुमरियागंज के भारतभारी आदि मंदिरों पर सुबह से ही आस्था के पुजारियों का तांता लगा रहा। इटवा के कटेश्वरनाथ शिव मंदिर के पुजारी पंकज गिरि ने बताया कि शिव पुराण में वर्णित सावन मास भगवान शिव का मास हैं। पूरे सावन मास में जो भगवान भोलेनाथ की नियमित रूप से सच्चे हृदय व मन से पूजा करते हैं उनके सारे कष्ट व पाप दूर हो जाते हैं। जो श्रद्धालु सावन मास में भोलेनाथ को जलाभिषेक व रुद्राभिषेक करता है उस पर भगवान भोलेनाथ की विशेष कृपा बरसती है। मान्यता और आस्था को लेकर मंगलवार सुबह में शव भक्त स्नान  करने के बाद शिव मंदिरों की तरफ रुख कर लिए और मंदिरों पर पहुंचकर भगवान शिव को जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान हाथों में जल की लुटिया और मन में श्रद्धा के साथ श्रद्धालुओं के बम भोले के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। कटेश्वर नाथ शिव मंदिर पर जलाभिषेक के दौरान एसआई राजेश पाण्डेय, कांस्टेबल कर्मवीर सिंह, प्रिंस मिश्र, राजन पाण्डेय, योगेन्द्र तिवारी, कमल द्विवेदी आदि मौजूद रहे।