बांदा में पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या

बांदा। शहर कोतवाली क्षेत्र के कहला गांव में शुक्रवार की दोपहर पति ने पत्नी की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल से भाग रहे आरोपी को दबोच लिया। उसके हाथ-पैर बांध दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया। पंचनामा भरने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।गिरवां थाना क्षेत्र के काजीपुर लाइन गांव निवासी संजो (24) पत्नी शिवकुमार निषाद छह दिन पहले अपने मायके कहला गांव आई थी। शुक्रवार की दोपहर घर आए पति ने आंगन में बैठी पत्नी को दबोच लिया। उसकी दौड़ा-दौड़ाकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटनास्थल पर मौजूद मृतका की बुआ सुनीता, दादी रमकलिया ने बचाने का प्रयास किया तो आरोपी उन्हें भी मारने के लिए दौड़ा। जबकि सुनीता भी बचाने में घायल हो गई। चीख पुकार सुनकर मृतका का चचेरा भाई योगेंद्र समेत परिवार के अन्य लोग व ग्राम प्रधान मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी को दबोच लिया। इस दौरान आरोपी ने ग्राम प्रधान के भी दो तमाचे जड़ दिए। बमुश्किल उसे लोगों ने हाथ-पैर बांधकर डाल दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र, सीओ सिटी गवेंद्र पाल गौतम, कोतवाली प्रभारी मनोज शुक्ला, फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल में जांच पड़ताल की। मृतका के पिता मोहन ने बताया कि उसने संजो और उसकी बड़ी बहन सुधा की शादी एक ही घर में छोटे-बड़े भाइयों के साथ की थी। संजो की शादी वर्ष 2016 में की थी। उसके एक बेटी काजल और बेटा प्रियांशू हैं। वह गर्भवती थी। पिता मोहन ने बताया कि शादी के बाद से ही उसकी बेटी को ससुर प्रताड़ित करता था। ससुर की प्रताड़ना से परेशान होकर संजो करीब छह दिन पहले मायके कहला गांव चली आई थी। दो दिन पहले दामाद शिवकुमार आया था। देखने सुनने के बाद फिर वह चला गया था। शुक्रवार की दोपहर दोबारा फिर वह घर आया। मासूम बच्चों को उसने बिस्कुट खिलाया। मोहन किसी काम से घर से बाहर चला गया। घर पर महिलाएं ही मौजूद थीं। इसी बीच मौका पाते ही शिवकुमार ने उसकी बेटी संजो की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि मृतका चार दिन पहले अपने मायके आई थी। पति उसे लेने आया था। किसी बात को लेकर दोनो के बीच विवाद हो गया। चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।