मंडी में बस 300 मीटर खाई में गिरी, चालक गंभीर रुप से घायल

मंडी। हिमाचल के जिला मंडी के करसोग उपमंडल में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस 300 मीटर खाई में गिर गई। बस में 40 लोग सवार थे। इसमें चालक गंभीर रूप से घायल है, और शेष लोगों को अधिक चोटें नहीं आई हैं। गनीमत रही कि बस सड़क से उतरकर पेड़ों से जा लटकी और पलटी नहीं। बताया जा रहा है कि बस खरोड़ी नामक जगह पर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई। बस को नीचे गिरता देख लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने घायलों को अस्पताल ले गए। घायलों में चालक को ही अधिक चोटें आई हैं। शेष घायलों को मामूली चोटें आई हैं। वहीं हादसा उपमंडल से 10 किलोमीटर दूर होने के बावजूद प्रशासन के देरी से पहुंचने और परिवहन निगम की खटारा बसें रूटों पर भेजने के खिलाफ लोगों ने नारेबाजी आरंभ कर दी। स्थानीय लोगों का आरोप था कि निगम की बसें आए दिन ही खराब हो जाती है और यहां पर सड़क किनारे पैरापिट की व्यवस्था भी नहीं है।