भेल को 2022-23 में मिले 23,548 करोड़ के नए ऑर्डर

नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र की इंजीनियरिंग कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स ‎लिमिटेड (भेल) को बीते वित्त वर्ष में 23,548 करोड़ रुपए के ऑर्डर मिले। यह इससे पूर्व वित्त वर्ष के मुकाबले 17 प्रतिशत अधिक है। भेल को 2021-22 में 20,078 करोड़ रुपये के ऑर्डर मिले थे। कंपनी ने कहा ‎कि भेल ने बिजली, उद्योग और निर्यात क्षेत्रों में 23,548 करोड़ रुपए मूल्य के ऑर्डर हासिल किये। इसके साथ कंपनी के कुल ऑर्डर वित्त वर्ष के अंत में 91,336 करोड़ रुपए से अधिक के रहे। भेल ने कहा कि अप्रैल, 2023 में वंदे भारत ट्रेनसेट के ऑर्डर के साथ कुल ऑर्डर एक लाख करोड़ रुपए को पार कर गया है। भेल-टीडब्ल्यूएल समूह को वंदे भारत ट्रेनों के निर्माण और रखरखाव को लेकर 80 वंदे भारत ट्रेन के लिये लगभग 23,000 करोड़ रुपए का ऑर्डर मिला है।