फोनपे से सौदा टूटने के बाद जेस्टमनी कर रही 100 कर्मियों की छंटनी

फोनपे से सौदा टूटने के बाद जेस्टमनी कर रही 100 कर्मियों की छंटनी

नई दिल्ली। फिनटेक फर्म फोनपे की तरफ से हाल में बाय नाउ पे लेटर (बीएनपीएल) प्लेटफॉर्म का प्रस्तावित अधिग्रहण पर विराम लगाने के बाद जेस्टमनी अपने कर्मचारियों के करीब 20 फीसदी हिस्से यानी 100 कर्मियों की छंटनी कर रही है। गोल्डमैन सैक्स और श्याओमी समर्थित बेंगलूरु की जेस्टमनी के पास करीब 450 कर्मचारी हैं और अगर अधिग्रहण हुआ होता तो इन सभी कर्मियों को फोनपे की तरफ से अपने यहां समायोजित किए जाने की उम्मीद थी। जेस्टमनी के संस्थापकों ने हाल ही में बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों से कर्मियों की छंटनी के बारे में कर्मचारियों को बताया। सूत्रों ने यह जानकारी दी। फोनपे कुछ कर्मियों को नियुक्त करने के लिए जेस्टमनी से बातचीत कर रही है। सूत्रों के मुता‎बिक कंपनी कारोबारी निरंतरता या अस्तित्व बचाने की योजना पर काम कर रही है और छंटनी इसी का हिस्सा है। फोनपे प्रबंधन की बातचीत जेस्टमनी से फर्म में बचे 350 कर्मचारियों में से कुछ को नियुक्त करने पर हुई है और यह बातचीत अभी जारी है। जेस्टमनी ने इस बारे में पूछे जाने पर कोई टिप्पणी नहीं की। निकाले गए कर्मचारियों को सेवरेंस पैकेज मिलेगा, जिसमें स्वास्थ्य बीमा शामिल है।