पुण्यतिथि पर याद किए गए पूर्व मंत्री

सिद्धार्थनगर।सदर विधानसभा क्षेत्र से कई बार विधायक रहे पूर्व काबीना मंत्री धनराज यादव की 14वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को श्रद्धांजलि दी गई। पूर्व मंत्री की समाधि स्थल पर भाजपाई समेत ग्रामवासियों ने पुष्प अर्पित किए। पूर्व मंत्री धनराज यादव की पुण्यतिथि पर सदर ब्लाक के पैतृक गांव पिपरा भड़ेहर ग्रांट में श्रद्धांजलि सभा हुई।इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में भाजपा के जिला प्रभारी राम जियावन मौर्य ने कहा कि पूर्व मंत्री धनराज यादव जैसी सादगी व राजनीति में शुचिता अब कम ही देखने को मिलती है। उन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में गरीब व मजलूमों के हक की लड़ाई लड़ी। इन्हीं विशेषताओं के कारण वह तत्कालीन नौगढ़ विधानसभा क्षेत्र (वर्तमान कपिलवस्तु) से कई बार विधायक रहे। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के पद को भी सुशोभित किया। पूर्व मंत्री के पुत्र और भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद माधव ने भी उनके व्यक्तित्व पर चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा से सात बार विधायक और कई बार मंत्री रहे स्व. धनराज यादव विकास और सामाजिक एकता के प्रबल पक्षधर थे। वह सादगी और ईमानदारी के प्रतिमूर्ति थे। वह सबको समान दृष्टि से देखते थे। यही कारण रहा कि भाजपा में रहने के बाद भी क्षेत्र का अल्पसंख्यक तबका भी उन्हें आदर सम्मान और वोट देता रहा। अंत में उन्होंने उनसे जुड़ी कई स्मृतियों का जीवंत वर्णन किया। कहा कि बाबू जी ने आदर और सम्मान की जो पूंजी अर्जित की थी, आज वहीं मेरी थाती है। गोष्ठी को भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र मणि त्रिपाठी, जिला महामंत्री विजय कांत चतुर्वेदी ने भी संबोधित किया। इस मौके पर विपिन सिंह, कन्हैया पासवान, जिला मंत्री फतेह बहादुर सिंह, अजय उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष नितेश पांडेय, कार्यालय प्रभारी देवेंद्र मिश्रा, सत्य प्रकाश राही, निशांत पांडेय, कुलदीप यादव उपस्थित थे।

ReplyForward