
मुम्बई। इंडियन प्रीमियर लीग का 16 वां सत्र शुक्रवार से शुरु हो रहा है। इस सत्र को चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) टीम और उसके कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के लिए भाग्यशाली माना जा रहा है। इसका कारण यह है कि धोनी के लिए 7 नंबर भाग्यशाली रहा है। उनका जन्म 7 जुलाई को हुआ था। धोनी की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जर्सी का नंबर भी 7 ही था। अब इसी नंबर को लेकर अनुमान लगाये जा रहे हैं कि आईपीएल 2023 का सत्र धोनी के लिए अच्छा रहने वाला है। 7 नंबर को लेकर एक प्रोमो भी आया है। इस वीडियो में सबसे पहले साल 2023 के बारे में बताया है, अगर इन सभी संख्या को जोड़ें तो नंबर 7 बनता है। वहीं आईपीएल का यह 16वां सीजन है और इस संख्या का जोड़ भी 7 ही है। इसके अलावा सीएसके अपना पहला मुकाबला गत चैंपियन गुजरात टाइटंस के खिलाफ 31 मार्च को खेलेगी। मार्च साल का तीसरा महीने होता है ऐसे में तारीख और महीने का जोड़ भी 7 बनता है।वहीं धोनी दो साल बाद अपने घरेलू मैदान चेपॉक में पहला मैच 3 अप्रैल को खेलेंगे। अप्रैल साल का चौथा महीना है और तारीख व महीने की संख्या का योग यहां भी 7 बैठता है। इन सभी कारणों की वजर से धोनी के लिए यह सत्र विशेष माना जा रहा है हालांकि ये कितना ठीक होता है ये तो समय ही बतायेगा।