हार्वेस्टर में फंसकर किसान जख्मी, हालत गंभीर

बांदा। मटर की फसल की कटाई करते समय किसान हार्वेस्टर की चपेट में आकर फंस गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हार्वेस्टर चालक ने देखा तो तत्काल मशीन बंद कर उसे बाहर निकाला। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।तिंदवारी थाना क्षेत्र के जौहरपुर गांव निवासी शिवमंगल (62) पुत्र बोड़ा प्रसाद शनिवार की दोपहर खेत में लगी मटर की फसल को हार्वेस्टर से कटवा रहा था। सुबह पानी बरसने के कारण मिट्टी गीली थी। वह हार्वेस्टर के आगे था। इसी बीच पैर फिसल जाने से वह हार्वेस्टर के अंदर घुस गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक ने देखा तो आनन-फानन मशीन बंद कर कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।