भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम दक्षिण अफ्रीका दौरे पर रवाना

बेंगलुरु। प्रीति की कप्तानी में भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम आज सुबह दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना हुई। भारतीय टीम अपने इस दौरे में 17 से 25 फरवरी के बीच दक्षिण अफ्रीकी जूनियर महिला हॉकी टीम और दक्षिण अफ्रीका-ए टीम से खेलेगी। जूनियर महिला टीम 17, 18 और 20 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका की अंडर-21 टीम से खेलेगी। वहीं 24 और 25 फरवरी को उसका मुकाबला दक्षिण अफ्रीका ‘ए टीम से होगा।दौरे को लेकर उत्साहित कप्तान प्रीति ने कहा , टीम में हर कोई दक्षिण अफ्रीका में खेलने का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। वहीं कुछ खिलाड़ियों के लिए यह पहला विदेश दौरा है और ऐसे में हम सभी प्रकार की चुनौतियों का सामना करने के लिए भी तैयार हैं। हमने बेंगलुरु के राष्ट्रीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्र में लगे शिविर में अच्छा अभ्यास किया था। इस दौरान हमें सीनियर टीम को भी करीब से देखने का अच्छा अवसर मिला था। उन्होंने कहा, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ये मुकाबला एशिया कप अंडर-21 से पहले अपने प्रदर्शन को दिखाने का एक अच्छा अवसर होगा। दक्षिण अफ्रीका के इस दौरे से हमें उन क्षेत्रों को समझने का अवसर मिलेगा जिसमें सुधार की जरुरत है।