डीसीडीएफ ने बनाई सहयोग की दीवार

बांदा। जिला सहकारी विकास संघ लिमिटेड ने एक नया प्रयोग करते हुए अपने सिविल लाइंस स्थित मुख्यालय की दीवार को जन सहयोग से बनाया और इसे सहयोग की दीवार का नाम दिया। चित्रकूट धाम मंडल के उप आयुक्त उप निबंधक वीरेंद्र बाबू दीक्षित ने बुधवार को इसका विधिवत अनावरण किया। डीसीडीएफ के अध्यक्ष सुधीर सिंह ने बताया कि यहां मुख्यालय के अलावा बच्चों का स्कूल, गैस एजेंसी, राशन की दुकान और उर्वरक केंद्र हैं, लेकिन छोटी और जर्जर दीवार के कारण यह परिसर असुरक्षित बना हुआ था। इसे जन सहयोग से बनाने के आह्वान पर इस विद्यालय के पूर्व विद्यार्थी रहे प्रद्युम्न दुबे लालू, पतिराखन सिंह, विवेक राय, दिनेश व्यास और रामेंद्र शर्मा एवं मर्दन सिंह के अलावा डीसीडीएफ के कर्मचारियों ने भी आर्थिक मदद दी और 65 फिट लंबी दीवार संस्था के द्वारा कोई व्यय किए बिना बनी। अनावरण के अवसर पर एआर कोआपरेटिव राजेश चैधरी, उपाध्यक्षा सुमन शर्मा, उपभोक्ता भंडार के पूर्व अध्यक्ष हरिशरण सिंह, कवि केशव तिवारी, डीसीडीएफ सचिव अरुण सिंह, एडीसीओ अरविंद सिंह के अलावा सहकारिता से जुड़े लोग उपस्थित थे।