पटखनी देकर पहलवानों ने कुश्ती के साथ जीता ईनाम

बांदा। विकास खंड बड़ोखर खुर्द की ग्राम पंचायत लुकतरा में दाने बाबा देव स्थान में स्व. चंद्रभान सिंह चंदा भइया पूर्व विधायक की स्मृति में दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश व राजस्थान के पहलवानों ने प्रतिभाग करते हुए अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन किया और पुरस्कार जीते। इसके साथ ही रात में मेला व रामलीला का आयोजन भी किया जाता है।दंगल का आयोजन लुकतरा के ख्याति प्राप्त पहलवान स्व. दुर्गइयां यादव की पुण्य स्मृति में स्वर्गीय चंद्रभान सिंह चंदा भइया ने 1980 के दशक में प्रारंभ करवाया था। इसके बाद 1997 में चंदा भइया के निधन के बाद दंगल आयोजन समिति ने चंदा भइया की स्मृति में इस दंगल का आयोजन प्रारंभ कर दिया है। इस दंगल के आयोजन में प्रमुख भूमिका स्वर्गीय दुर्गइयां यादव पहलवान के पोते और पूर्व ब्लाक प्रमुख तुलसीराम यादव (वर्तमान ग्राम प्रधान लुकतरा) चंद्रभान सिंह के बाद भांजे त्रिभुवन सिंह गौतम (मन्ना भइया) पूर्व ब्लाक प्रमुख विशम्भर सिंह (लालू भइया) चंदा भइया के छोटे पुत्र मनोज कुमार सिंह (अंकल) सहित समस्त लुकतरा ग्राम वासियों की रहती है। दंगल में अभिवावक की भूमिका मेहरबान सिंह अखाड़ा झाँसी की रहती है। इस वर्ष दंगल में दोनों दिन लगभग 105 मुकाबले हुए इसमें रामखिलावन शिवपुरी मध्य प्रदेश ने प्रदीप झांसी को, शिवम उन्नाव ने राजेश भूलौली को, सतीश झांसी ने विकास गोरखपुर, को सुलखान उन्नाव ने गौरव झाँसी, को राजवीर गुर्जर करारी (राजस्थान) ने गजेंद्र ग्वालियर को, अंकुल कौशाम्बी ने दीपेंद्र करैना को हराया। अन्य दिलचस्प मुकाबले प्रवीण कानपुर व लवकुश भिण्डी, कर्मवीर अधिनायक व हरेन्द्र आगरा के बीच रहे। फाइनल मुकाबला नीरज ग्वालियर व राजेन्द्र झांसी के बीच हुआ। पूर्व सदस्य विधान परिषद उत्तर उत्तर प्रदेश जयवन्त सिंह ने दोनों पहलवानों का हाथ मिलाकर कुश्ती का शुभारंभ करवाया। अतिरिक्त समय देने के बाद भी मुकाबला अनिर्णीत रहा तथा बराबरी पर छूटा। दंगल में आए प्रमुख लोगों में जयवन्त सिंह पूर्व सदस्य विधान परिषद, ब्लाक प्रमुख बडोखरखुर्द स्वर्ण सिंह सोनू अवधेश प्रताप सिंह राजा भइया, भीषम सिंह पहलवान पिपरहरी थे। दंगल के समापन पर आयोजन समिति के तुलसीराम यादव (अड्डू भइया) त्रिभुवन सिंह गौतम (मन्ना भइया) मनोज कुमार सिंह (अंकल), विशम्भर सिंह (लालू भइया) ने सभी आगन्तुकों दर्शकों का आभार जताया।